नरेंद्रनगर।।(सू०वि०)जनपद टिहरी गढ़वाल के ऐतिहासिक एवं प्रमुख श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के 50वें आयोजन को भव्य एवं यादगार बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
आगामी 11 से 19 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले नौ दिवसीय मेले के सफल संचालन के लिए 11 समितियों का गठन कर विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
नरेंद्रनगर तहसील सभागार में कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता एवं जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की उपस्थिति में आयोजित बैठक में मेले की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। स्वास्थ्य शिविर, खेल प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रचार-प्रसार, बैनर, एलईडी सहित विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए विभागवार दायित्व निर्धारित किए गए।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि इस वर्ष मेले का 50वां आयोजन होने जा रहा है, जो क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।
उन्होंने मेले के प्रारंभिक स्वरूप और इसके आयोजन में तत्कालीन जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह पांगती के योगदान को याद करते हुए कहा कि स्वर्ण जयंती वर्ष के आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए सभी को टीम भावना से कार्य करना होगा।
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने सभी समितियों एवं विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं और किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल उपलब्ध कराई जाए, ताकि उसका समय रहते समाधान किया जा सके।
नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर के अध्यक्ष राजेन्द्र विक्रम सिंह पंवार ने बताया कि श्री कुंजापुरी मेले ने समय के साथ निरंतर विस्तार किया है।
उन्होंने कहा कि शुरुआती दौर में लगभग चार हजार रुपये की व्यवस्था से शुरू हुआ यह मेला आज एक करोड़ रुपये से अधिक के बजट तक पहुंच चुका है।
11 से 19 अक्टूबर तक चलने वाले इस नौ दिवसीय मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेल प्रतियोगिताओं, स्वास्थ्य शिविरों समेत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विभिन्न समितियों के सदस्य एवं मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।
उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

