देहरादून।। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को कई महत्वपूर्ण सौगातें देते हुए की सात बड़ी घोषणाएं।
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, अमर बलिदानियों और देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर सैनिकों को नमन करते हुए उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों एवं आंदोलनकारियों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार विकास, रोजगार, पर्यटन, युवा कल्याण और आपदा प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।
उन्होंने युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति देने पर विशेष जोर दिया।
युवाओं के लिए सात बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाओं में प्रदेश में प्रथम युवा आयोग की स्थापना तथा चमोली के पौड़ी क्षेत्र में विशेष औद्योगिक पार्क स्थापित करने की घोषणा प्रमुख रही।इसके साथ ही युवाओं, पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को एक्सप्रेसवे और विभिन्न राजमार्ग परियोजनाओं में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किए जाने की बात कही गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में युवाओं को रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने के लिए स्टार्टअप इकोसिस्टम को और मजबूत किया जा रहा है।
आपदा प्रभावित परिवारों को सरकार का सहारा
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आई प्राकृतिक आपदाओं का उल्लेख करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
किसानों को तीन लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण तथा कृषि उपकरणों पर 80 प्रतिशत तक सब्सिडी उपलब्ध कराने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही।
उन्होंने बताया कि राज्य की पहली विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार नीति लागू की गई है और देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी का निर्माण किया जा रहा है।
पर्यटन और धार्मिक धरोहरों पर विशेष फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अब धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ वेलनेस, एडवेंचर टूरिज्म, फिल्म शूटिंग और वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के पुनर्निर्माण, केदारखंड-मानसखंड मंदिर माला मिशन, ऋषिकेश-हरिद्वार कॉरिडोर, शारदा कॉरिडोर और शीतकालीन यात्रा जैसी योजनाओं को राज्य की पर्यटन एवं अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया।
34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरी दी गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और विकास, रोजगार, संस्कृति एवं विरासत के संतुलन के साथ उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर की गई इन घोषणाओं से विशेष रूप से युवा, किसान, आपदा प्रभावित परिवार और पर्यटन क्षेत्र को नई उम्मीद मिलने की संभावना है।

