उत्तराखंड।।डीएम टिहरी ने ईवीएम वेयर हाउस का त्रैमासिक निरीक्षण,सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा।

टिहरी गढ़वाल।।(सू०वि०)राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में स्ट्रांग रूम का निरीक्षण,सीलन व टूटे शीशे तत्काल ठीक कराने के दिए निर्देश।

जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बुधवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ईवीएम वेयर हाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखी ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की स्थिति का जायजा लेते हुए वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने डबल लॉक सिस्टम, सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता, पुलिस बल की तैनाती तथा अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं स्थिति की जांच की।

उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के रखरखाव और सुरक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारी भी दी।
निरीक्षण के दौरान वेयर हाउस की ऊपरी मंजिल की छत से सीलन आने की समस्या सामने आई।

इस पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारी को तत्काल उपचारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।साथ ही खिड़की के टूटे हुए शीशों को भी शीघ्र बदलने के निर्देश दिए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्ट्रांग रूम में की गई सुरक्षा व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।

निर्धारित प्रक्रिया के तहत निरीक्षण पूरा होने के बाद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में डबल लॉक कक्षों को पुनः सील किया गया।
इस अवसर पर सहायक निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी, सहायक अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग सूर्य प्रकाश तथा भाजपा के जयेंद्र पंवार, राम लाल नौटियाल सहित संबंधित अधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

टिहरी।।ग्रामोत्थान परियोजना के सामुदायिक उद्यमों का परियोजना निदेशक ने किया निरीक्षण।
उद्यमों की गुणवत्ता, प्रबंधन और विपणन को बेहतर बनाने के दिए निर्देश।

टिहरी गढ़वाल‌।।(सू०वि०) ग्राम्य विकास विभाग के परियोजना निदेशक एवं आईएएस प्रशिक्षु ज्योति ने बुधवार को ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के तहत जाखणीधार क्षेत्र में सहकारिताओं एवं स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित सामुदायिक उद्यमों का स्थलीय निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने उद्यमों की प्रगति, संचालन, व्यवस्थाओं और निर्माणाधीन अधोसंरचनाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान देवभूमि सीएलएफ जाखणीधार की फूड कार्ट, उन्नति सीएलएफ रजाखेत की वे-साइड ईटरी, देवभूमि सीएलएफ की पोल्ट्री फार्म यूनिट, संगम सीएलएफ की प्रोसेसिंग यूनिट एवं फूड कार्ट का निरीक्षण किया गया।साथ ही गोट्री यूनिट के लिए चयनित भूमि का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
परियोजना निदेशक ने निर्माणाधीन कलेक्शन सेंटर का निरीक्षण करते हुए कार्य को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

कलेक्शन सेंटर के निर्माण की डेडलाइन 25 सितंबर निर्धारित की गई है। वहीं उन्नति सीएलएफ के कलेक्शन सेंटर का कार्य भी जल्द शुरू कराने को कहा गया।
उन्होंने क्षेत्रपाल सीएलएफ मंदार के एग्री इनपुट सेंटर एवं मशरूम यूनिट का भी निरीक्षण किया। बरसात के दौरान फूड कार्ट का संचालन सुचारू रखने के लिए टेंट की व्यवस्था करने तथा उत्पादों को आकर्षक तरीके से प्रदर्शित करने के लिए डिस्प्ले बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।
प्रोसेसिंग यूनिट के निरीक्षण के दौरान संबंधित सदस्यों को आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए परियोजना निदेशक ने कहा कि सामुदायिक उद्यमों को सफल एवं लाभकारी बनाने के लिए उत्पादों की गुणवत्ता, बेहतर प्रबंधन, प्रभावी संचालन और मजबूत विपणन व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाना जरूरी है।
उन्होंने ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना के कार्मिकों और सीएलएफ स्टाफ द्वारा विषम भौगोलिक परिस्थितियों में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर बढ़ाने और समुदाय आधारित उद्यमों को मजबूत करने के प्रयासों को निरंतर आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी रोशन लाल, जिला परियोजना प्रबंधक ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना ब्रह्मकांत भट्ट, सहायक खंड विकास अधिकारी दिग्विजय, एमएंडई बॉबी भट्ट, बीएमएम संजय शर्मा, आजीविका समन्वयक राजदीप चौहान, रविन्द्र पाल सहित कृषि एवं पशुपालन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, संबंधित सीएलएफ स्टाफ एवं स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं मौजूद रही।

प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india