सहकारी समितियों को मजबूत करने के साथ जन औषधि केंद्रों की सुविधाएं बढ़ाने पर जोर।
नई टिहरी।।(सू०वि०)जिलाधिकारी नितिका। खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिला सहकारी विकास समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पैक्स के लिए अन्न भंडारण योजना, कृषि अवसंरचना कोष (AIF), एमपैक्स कोड़ियाला के पोर्ट ट्रेडिंग स्थल परिवर्तन तथा प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों की प्रगति सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की गई।
बैठक में सहायक निबंधक (कोऑपरेटिव) पान सिंह राणा ने बताया कि कृषि विपणन अवसंरचना एवं कृषि अवसंरचना कोष के अभिसरण से पैक्स हेतु अन्न भंडारण योजना के तहत जनपद की मंजगांव, म्याणी, ढालवाला, कमांद एवं कोड़ियाला समितियों का चयन किया गया है।इन समितियों में भंडारण निर्माण से संबंधित प्रकरणों की भी जानकारी दी गई।
कोड़ियाला में स्थल परिवर्तन की समीक्षा
बैठक में एमपैक्स कोड़ियाला के पोर्ट ट्रेडिंग स्थल परिवर्तन का मामला भी रखा गया।
बताया गया कि पूर्व स्थल से प्रस्तावित गोदाम तक करीब 20 मीटर के ट्रैक पर पर्याप्त आवागमन मार्ग उपलब्ध नहीं था।इसके चलते ग्राम पंचायत नाई में नए स्थल का चयन किया गया है, जो स्थल चयन समिति के कार्यक्षेत्र के केंद्र बिंदुओं में होने के साथ मुख्य मार्ग से भी जुड़ा है।
जिलाधिकारी ने संबंधित स्थल निरीक्षण की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।साथ ही एसडीएम नरेंद्रनगर को भी स्थल का निरीक्षण कर विस्तृत आख्या उपलब्ध कराने को कहा।
जन औषधि केंद्रों की प्रगति तेज करने के निर्देश
बैठक में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों की स्थापना की भी समीक्षा की गई।
जनपद में कुल पांच जन औषधि केंद्र खोले जाने का लक्ष्य है,जिनके लिए मलेथा, चंबा, मुखेम, चामाकेमर और ढालवाला में केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें चार केंद्रों को प्रारंभिक एवं सैद्धांतिक स्वीकृति मिल चुकी है।
मलेथा, चंबा और ढालवाला के केंद्रों को ड्रग लाइसेंस एवं स्टोर कोड भी प्राप्त हो चुके हैं।
जिलाधिकारी ने शेष औपचारिकताओं को जल्द पूरा कर केंद्रों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र मलेथा में 1,44,329 रुपये की दवाइयां खरीदी गईं, जबकि 1,21,702 रुपये मूल्य की दवाइयों की बिक्री हुई।
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर
मेडिकल क्षेत्र के अंतर्गत सीएससी केंद्रों में व्यवसाय वृद्धि के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में सीडीओ वरुणा अग्रवाल, आईएएस प्रशिक्षु ज्योति, एडीएम शैलेंद्र नेगी, डीडीओ मो. असलम, जिला पूर्ति अधिकारी सुनील बडोनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

