उत्तराखंड।।पीसीएस परीक्षा में चयनित 18 प्रशिक्षु शिक्षा अधिकारियों ने की शिष्टाचार भेंट,प्रशासनिक कार्यप्रणाली की ली जानकारी।

जनहित सर्वोपरि रखकर दायित्व निभाएं अधिकारी: एडीएम नेगी।

नई टिहरी।।(सू०वि०) कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को पीसीएस परीक्षा में चयनित 18 प्रशिक्षु शिक्षा अधिकारियों ने अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी से शिष्टाचार भेंट की। 

इस दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली, शिक्षा व्यवस्था और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर एडीएम से महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त किया।

अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने सभी प्रशिक्षु अधिकारियों को चयन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत और बेहतर बनाने में शिक्षा अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। 

उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा केवल पद और जिम्मेदारी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका मूल उद्देश्य आमजन की समस्याओं को समझना और उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।

उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ करने का आह्वान किया।

एडीएम ने कहा कि प्रशासनिक सेवा में जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक अधिकारी को अपने कार्यक्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करना चाहिए।

बैठक के दौरान प्रशिक्षु शिक्षा अधिकारियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और प्रशासनिक कार्यों से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी हासिल की।

उन्होंने एडीएम से शिक्षा एवं प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय, जनसमस्याओं के समाधान तथा विभागीय जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से निभाने को लेकर चर्चा की।

प्रशिक्षु अधिकारियों की यह मुलाकात उनके प्रशासनिक प्रशिक्षण के साथ-साथ जनसेवा के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशील दृष्टिकोण को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण रही।

प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india