उत्तराखंड के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी का मौका, ऑनलाइन कोचिंग में मिलेंगी कई सुविधाएं।


देहरादून।।उत्तराखंड के विद्यार्थियों को प्रतियोगी एवं प्रवेश परीक्षाओं की बेहतर तैयारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा शुरू की जा रही है।

योजना के तहत विद्यार्थियों को लाइव ऑनलाइन कक्षाओं के साथ रिकॉर्डेड लेक्चर, डिजिटल स्टडी मटेरियल, प्रश्न बैंक और नियमित टेस्ट जैसी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
लाइव कक्षाओं के साथ रिकॉर्डेड लेक्चर की सुविधा
योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को केवल लाइव ऑनलाइन कक्षाओं तक सीमित नहीं रखा जाएगा।उन्हें रिकॉर्डेड लेक्चर और डिजिटल अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध होगी।

विद्यार्थी अपनी सुविधा और आवश्यकता के अनुसार इन कक्षाओं को दोबारा देख सकेंगे।
इसके साथ ही विषयवार प्रश्न बैंक, नियमित ऑनलाइन टेस्ट और मॉक टेस्ट कराए जाएंगे।

परीक्षा पैटर्न के अनुरूप अभ्यास कराया जाएगा तथा विद्यार्थियों के प्रदर्शन का नियमित मूल्यांकन किया जाएगा। इससे कमजोर विषयों पर अतिरिक्त अभ्यास करने में विद्यार्थियों को मदद मिलेगी।
तीन संस्थानों के विशेषज्ञ कराएंगे तैयारी
गुणवत्तापूर्ण प्रतियोगी परीक्षा प्रशिक्षण के लिए स्टडी आईक्यू दिल्ली, महेंद्र प्राइवेट लिमिटेड लखनऊ और दून ड्रीमर्स देहरादून का चयन किया गया है।इन संस्थानों के विशेषज्ञ शिक्षक एवं विषय-विशेषज्ञ विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी और प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कराएंगे।
इसके अलावा सरकार देश के अनुभवी प्रोफेशनल ट्यूटरों और विषय विशेषज्ञों को भी इस अभियान से जोड़ने की योजना बना रही है, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक मार्गदर्शन मिल सके।
इस तरह मिलेगा योजना का लाभ
योजना का लाभ लेने के लिए विद्यार्थियों को निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा।

आवेदन के दौरान आवश्यक विवरण एवं दस्तावेज अपलोड करने के बाद विद्यार्थियों को ऑनलाइन स्क्रीनिंग परीक्षा में प्रतिभाग करना होगा।

पात्रता और परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।
चयनित विद्यार्थियों को संबंधित पाठ्यक्रम में प्रवेश दिया जाएगा और उन्हें लाइव ऑनलाइन कक्षाओं, रिकॉर्डेड लेक्चर, डिजिटल अध्ययन सामग्री, प्रश्न बैंक तथा नियमित टेस्ट एवं मॉक टेस्ट की सुविधा निःशुल्क मिलेगी।
योजना से प्रदेश के उन विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है, जो आर्थिक या भौगोलिक कारणों से महंगी कोचिंग संस्थानों तक नहीं पहुंच पाते हैं।

ऑनलाइन माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षण उपलब्ध होने से पहाड़ी एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का बेहतर अवसर मिल सकेगा।

प्रगति मीडिया उत्तराखंड से संपादक की रिपोर्ट।

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india