उत्तराखंड।।सहकारिता चुनाव में भाजपा का दबदबा, टिहरी से सुभाष चंद्र रमोला निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित।


गढ़वाल के छह जिला सहकारी बैंकों में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पदों पर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की निर्विरोध जीत।
टिहरी।। जिला सहकारी बैंकों के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी समर्थित प्रत्याशियों ने गढ़वाल मंडल में शानदार प्रदर्शन करते हुए अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों पर निर्विरोध जीत दर्ज की है।

टिहरी गढ़वाल जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पद पर सुभाष चंद्र रमोला निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
मंगलवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सुभाष चंद्र रमोला को अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। उनके निर्विरोध निर्वाचन के साथ ही टिहरी जिला सहकारी बैंक में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों का दबदबा कायम रहा।
गढ़वाल मंडल के अंतर्गत देहरादून, चमोली, उत्तरकाशी,पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल और हरिद्वार के जिला सहकारी बैंकों में अध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन हुआ है।इनमें देहरादून से मंजीत रावत, चमोली से गजेंद्र सिंह रावत, उत्तरकाशी से शारदा राणा, पौड़ी गढ़वाल से पंकज रावत, टिहरी गढ़वाल से सुभाष चंद्र रमोला तथा हरिद्वार से विजेंद्र चौधरी अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
इसके अलावा सभी छह जिला सहकारी बैंकों में उपाध्यक्ष पद पर भी भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के निर्विरोध निर्वाचित होने की जानकारी है।
पहली बार महिलाओं को मिला 33 प्रतिशत आरक्षण
उत्तराखंड में जिला सहकारी बैंक चुनाव में पहली बार महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू किया गया है।

महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला सहकारी बैंकों के चुनाव 33 प्रतिशत महिला प्रतिनिधित्व के साथ संपन्न कराए जा रहे हैं।
प्रदेश के कुल दस जिला सहकारी बैंकों में से उत्तरकाशी, अल्मोड़ा और ऊधम सिंह नगर के जिला सहकारी बैंकों में अध्यक्ष पद महिला के लिए आरक्षित है।

आरक्षण के तहत इन तीन जनपदों में महिला अध्यक्ष निर्वाचित होंगी।
सहकारिता मंत्री ने जताई खुशी।
जिला सहकारी बैंकों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत पर प्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि सहकारिता चुनाव में लोगों ने भाजपा की नीतियों पर विश्वास जताया है और सहकारिता क्षेत्र में पार्टी को समर्थन मिला है।
जिला सहकारी बैंकों के चुनाव दो चरणों में संपन्न हो रहे हैं। गढ़वाल मंडल के छह जिला सहकारी बैंकों में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों पर निर्विरोध निर्वाचन के बाद अब कुमाऊं मंडल में 10 और 11 सितंबर को जिला सहकारी बैंकों के चुनाव आयोजित होंगे।

प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india