टिहरी गढ़वाल।।(सू०वि०)जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जनपद में सड़क निर्माण से प्रभावित काश्तकारों के लंबित प्रतिकर भुगतान को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रशासन अब प्रतिकर भुगतान की प्रक्रिया को काश्तकारों के नजदीक ले जाएगा,ताकि उन्हें कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।
जिला कार्यालय स्थित वीसी कक्ष में गुरुवार देर शाम आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने पीएमजीएसवाई, लोनिवि, आरईएस सहित विभिन्न निर्माणदायी संस्थाओं द्वारा सड़क निर्माण से प्रभावित काश्तकारों को किए गए प्रतिकर भुगतान और लंबित मामलों की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्रवार जानकारी लेते हुए पूर्ण हो चुकी सड़कों,उनसे प्रभावित काश्तकारों तथा कटान एवं दबान के प्रतिकर भुगतान की स्थिति की जानकारी ली।साथ ही डिवीजनवार खातेदारों की सूची, भुगतान की स्थिति और संबंधित काश्तकारों को दी गई सूचना का भी ब्योरा मांगा।
तहसीलवार तैयार होगा कैंप का रोस्टर
डीएम ने निर्देश दिए कि प्रभावित काश्तकारों को प्रतिकर भुगतान के लिए तहसीलवार कैंप आयोजित किए जाएं और उनका रोस्टर तैयार कर तिथियां निर्धारित की जाएं।
कैंपों की जानकारी समाचार पत्रों के माध्यम से व्यापक रूप से प्रसारित करने के साथ ही संबंधित खातेदारों को व्यक्तिगत रूप से भी सूचना उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक कैंप के लिए उन खातेदारों की सूची तैयार की जाए, जिनकी भूमि से सड़क निर्माण हुआ है और जिनका प्रतिकर भुगतान किया जाना बाकी है।संबंधित क्षेत्र में निर्मित सड़कों के नाम भी सूची में स्पष्ट रूप से दर्ज किए जाएं,ताकि काश्तकारों को जानकारी प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
पुराने लंबित मामलों का पहले होगा दस्तावेजीकरण
जिलाधिकारी ने पूर्व में निर्मित सड़कों से प्रभावित उन काश्तकारों के मामलों का पहले चरण में पूर्ण दस्तावेजीकरण करने के निर्देश दिए,जिन्हें अभी तक प्रतिकर नहीं मिल पाया है।
उन्होंने कहा कि जिन मामलों में प्रतिकर तैयार हो चुका है,उनका तत्काल वितरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कैंपों में पर्याप्त स्टाफ की तैनाती और संबंधित विभागों के अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा।कैंप से पूर्व संबंधित सब-रजिस्ट्रार को भी सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने स्पष्ट किया कि कैंप सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित किए जाएं और कैंप में आने वाले काश्तकारों की शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया जाए, ताकि कोई प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित न रहे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता, एसएलएओ नीलू चावला, अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई टिहरी गणेश प्रसाद नौटियाल,नरेंद्रनगर मधुसूदन बलोनी, अधिशासी अभियंता लोनिवि चंबा राजवेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। वहीं एसडीएम धनोल्टी अंशुल भट्ट, नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल सहित अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।
प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

