उत्तराखंड।।टिहरी में 2017 आंगनबाड़ी केंद्रों पर होगा ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम, मंत्री रेखा आर्या की मौजूदगी में हुई तैयारियों की समीक्षा बैठक।

टिहरी गढ़वाल।।(सू०वि०)सेवा सप्ताह माह के अंतर्गत जनपद टिहरी गढ़वाल के आंगनबाड़ी केंद्रों में 25 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों एवं पार्टी पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव ने बताया कि जनपद में कुल 2017 आंगनबाड़ी केंद्र हैं, जिनमें 2012 केंद्र सक्रिय हैं। कार्यक्रम ब्लॉक स्तर पर आयोजित किए जाएंगे। 

इस दौरान महिलाओं,बच्चों एवं अभिभावकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं और आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों के लिए रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित की जाएं। 

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, नंदा गौरा योजना, मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना, मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना, पोषण माह और टेक होम राशन सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी लाभार्थियों को दी जाएगी।

उन्होंने कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों के अनुभव साझा कराने, उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने तथा कार्यक्रम की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराने के निर्देश भी दिए।

मानदेय बढ़ाने की मांग पर मंत्री ने दिया आश्वासन

बैठक के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने अपना मानदेय बढ़ाने का विषय भी मंत्री रेखा आर्या के समक्ष रखा। 

मंत्री ने आश्वासन दिया कि मानदेय बढ़ाने की मांग को जल्द ही कैबिनेट के समक्ष लाया जाएगा। 

उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां विभाग की मजबूत कड़ी हैं और विषम भौगोलिक परिस्थितियों में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही हैं।

बैठक में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, चंबा ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण, डीडीओ मो. असलम, जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्योति पटवाल, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष इन्दु डंगवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद रतूड़ी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गोविन्द रावत सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india