उत्तराखंड।।टिहरी में रोजाना 58 मीट्रिक टन कूड़ा,डीएम ने नगर निकायों को दिए सख्त निर्देश।

टिहरी गढ़वाल।।(सू०वि०)जनपद में बढ़ते ठोस अपशिष्ट के बेहतर प्रबंधन को लेकर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सभी नगर निकायों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। 

उन्होंने कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था को प्रभावी बनाने और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनपद में कुल 11 नगर निकाय हैं, जिनमें 5 नगर पालिका परिषद और 6 नगर पंचायतें शामिल हैं। जिले में प्रतिदिन करीब 58 मीट्रिक टन कूड़ा उत्पन्न होता है। इसमें लगभग 28.8 मीट्रिक टन गीला और 24.75 मीट्रिक टन सूखा कूड़ा शामिल है।

जिले में कूड़ा प्रबंधन के लिए 10 एमआरएफ सेंटर, 72 कंपोस्ट पिट, 8 कंपोस्टर मशीन, 10 कॉम्पैक्टर, 4 जेसीबी और 4 क्रशर मशीन उपलब्ध हैं। 

बैठक में तपोवन में एमआरएफ सेंटर उपलब्ध न होने की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

डीएम ने निर्देश दिए कि कूड़े का स्रोत पर ही पृथक्करण, नियमित डोर-टू-डोर कूड़ा उठान और नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। 

पर्याप्त वाहन उपलब्ध न होने वाले क्षेत्रों के लिए आवश्यक वाहन उपलब्ध कराने हेतु पत्रावली प्रस्तुत करने को कहा गया।

उन्होंने कूड़ा फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार चालान एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए आवश्यक बजट को लेकर नगर निकायों की बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पारित कराने को कहा।

बैठक में सीडीओ वरुणा अग्रवाल, एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता, डीडीओ मो.असलम, एएमए जिला पंचायत गणेश भट्ट सहित विभिन्न नगर निकायों के अधिकारी मौजूद रहे।

प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india