प्रभारी जिलाधिकारी वरुणा अग्रवाल ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश,एक सप्ताह में सत्यापन रिपोर्ट और लंबित कार्य पूरे करने के आदेश।
टिहरी गढ़वाल।।जिले में सड़कों को गड्ढामुक्त करने के अभियान को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने गुरुवार को विकास भवन में आयोजित बैठक में सड़कों की स्थिति और गड्ढामुक्त अभियान की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में प्रभारी जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित सभी संबंधित विभागों को गड्ढामुक्त की गई सड़कों का वास्तविक स्थिति के आधार पर सत्यापन कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग अपने-अपने खंड में गड्ढामुक्त की गई सड़कों की सूची संबंधित उप जिलाधिकारियों को उपलब्ध कराएं।इसके बाद उप जिलाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सड़कों का स्थलीय निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करेंगे कि कागजों में गड्ढामुक्त दिखाई जा रही सड़कें वास्तव में भी गड्ढामुक्त हैं या नहीं।
एक सप्ताह में देनी होगी सत्यापन रिपोर्ट।
प्रभारी जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण एवं भौतिक सत्यापन के बाद एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इससे सड़कों को गड्ढामुक्त करने के कार्यों की वास्तविक प्रगति सामने आने के साथ ही लापरवाही की भी पहचान हो सकेगी।
वहीं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा नगर पालिका मुनिकीरेती से संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए एक सप्ताह के भीतर अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
लापरवाही पर होगी जवाबदेही।
प्रभारी जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा में सभी लंबित कार्य पूर्ण करने को कहा।
बैठक में उन्होंने विभागवार अब तक गड्ढामुक्त की गई सड़कों की जानकारी लेते हुए कार्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की तथा शेष कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग के.एस. नेगी, लोक निर्माण विभाग एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिशासी अभियंताओं सहित अन्य संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।
प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

