टिहरी गढ़वाल।।संगठन की मजबूती और एसआईआर अभियान को गति देने पर भाजपा मंडल थौलधार की बैठक हुई सम्पन्न।

थौलधार।। भारतीय जनता पार्टी मंडल थौलधार की मासिक बैठक बुधवार को विकासखण्ड सभागार में मंडल अध्यक्ष श्री ललित खंडूड़ी की अध्यक्षता में सफलता पूर्वक सम्पन्न हुई।

बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा, शक्ति केन्द्रों पर आयोजित होने वाली बैठकों तथा विभिन्न संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में विशेष रूप से एसआईआर (Special Intensive Revision) अभियान पर विस्तार से चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं से निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को गंभीरता से लेने का आह्वान किया गया।

वक्ताओं ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो तथा किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए, इसके लिए कार्यकर्ताओं को जन-जागरूकता फैलाने और आवश्यक सहयोग प्रदान करने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती का महत्वपूर्ण आधार है।

इस अवसर पर मंडल प्रभारी एवं राज्यमंत्री श्री जोत सिंह बिष्ट ने संगठनात्मक दायित्वों एवं आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से मार्गदर्शन देते हुए कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति है और बूथ स्तर पर सक्रियता ही संगठन की सफलता की कुंजी है।

उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अनुशासन, समर्पण एवं सेवा भाव के साथ संगठन के कार्यक्रमों को सफल बनाने का आह्वान किया।

ब्लॉक मुख्यालय में आयोजित बैठक के उपरांत मंडल प्रभारी एवं राज्यमंत्री श्री जोत सिंह बिष्ट कार्यकर्ताओं के साथ इडियान न्याय पंचायत के मैण्डखाल बाजार पहुँचे जहाँ एसआईआर अभियान को लेकर एक सूक्ष्म बैठक आयोजित की गई।

इस बैठक में बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया तथा जनसंपर्क अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विस्तृत चर्चा हुई।

श्री बिष्ट ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती का मूल मंत्र देते हुए कहा कि जब प्रत्येक बूथ सशक्त होगा, तभी संगठन और अधिक मजबूत होगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क स्थापित कर पात्र मतदाताओं को जागरूक करने तथा संगठन के संदेश को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का आह्वान किया।

मंडल अध्यक्ष श्री ललित खंडूड़ी ने कहा कि संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनता से सतत संवाद ही भाजपा की सबसे बड़ी पहचान है।

उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों एवं एसआईआर अभियान को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।

बैठक का समापन संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने तथा जनसेवा के संकल्प के साथ हुआ।

इस अवसर पर मंडल के पदाधिकारी, शक्ति केन्द्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख थौलधार सुरेंद्र सिंह भंडारी,भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री मुलायम सिंह रावत, जिला मंत्री ललिता देवी, युवा मोर्चा मण्डल अध्यक्ष नारायण नौटियाल,पूर्व मण्डल अध्यक्ष भगवती प्रसाद,सोबत सिंह, महामंत्री अरविंद नेगी,महावीर उनियाल, संचालक पवन सिंह रावत एवं समस्त क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india