उत्तरकाशी।।भारतीय मजदूर संघ के आह्वान पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संगठन उत्तरकाशी ने सोमवार को स्वास्थ्य कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों के समाधान को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राम संजीवन नौटियाल की अध्यक्षता में एनएचएम कर्मचारियों एवं पदाधिकारियों ने मुख्य बाजार से जिलाधिकारी कार्यालय तक जुलूस निकालकर सरकार के खिलाफ अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया।
जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचने के बाद कर्मचारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री भारत सरकार, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं मुख्यमंत्री उत्तराखंड सरकार को ज्ञापन प्रेषित किया।
ज्ञापन में एनएचएम, स्वास्थ्य संविदा, एम्बुलेंस एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाया गया।
कर्मचारियों ने एनएचएम कर्मचारियों के नियमितीकरण, समान कार्य के लिए समान वेतन, आउटसोर्स कर्मचारियों को निगम अथवा स्वास्थ्य विभाग में शामिल कर विभागीय स्तर पर वेतन सुनिश्चित करने तथा न्यूनतम मासिक वेतन ₹30 हजार किए जाने की मांग की।
इसके अलावा एनएचएम कर्मचारी कल्याण बोर्ड के गठन, श्रम संहिता में स्कीम वर्करों को शामिल करने, वर्ष 2004 से पूर्व नियुक्त कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने तथा एनएचएम में वर्ष 2004 से पूर्व कार्यरत कर्मचारियों की पूर्ववर्ती सेवा अवधि को जोड़कर पुरानी पेंशन योजना (OPS) का लाभ देने की मांग भी रखी गई।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि एनएचएम कर्मचारी लंबे समय से प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने और दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद कर्मचारी निरंतर अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उनकी सेवा सुरक्षा, वेतन और भविष्य से जुड़ी कई मांगें अभी तक लंबित हैं।
कर्मचारियों ने सरकार से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक एवं न्यायोचित निर्णय लेकर स्वास्थ्य कर्मियों को राहत प्रदान करने की अपील की। इस दौरान राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रगति मीडिया उत्तराखंड से संपादक की रिपोर्ट।

