उत्तराखंड।।जनता मिलन में डीएम नितिका खण्डेलवाल ने सुनी 50 शिकायतें,अधिकांश का मौके पर किया निस्तारण।

लंबित मामलों पर जिलाधिकारी टिहरी सख्त, अधिकारियों को कैंप लगाकर समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश।

टिहरी गढ़वाल।।(सू०वि०)जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने सड़क, मुआवजा, पेंशन, विद्युत, पेयजल, पुनर्वास, आवास, आधार कार्ड, सीएससी सेंटर और सोलर लाइट सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित 50 शिकायतें एवं मांग पत्र प्रस्तुत किए। इनमें से अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के लिए भेजा गया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता मिलन में प्राप्त शिकायतों का यथासंभव स्थानीय स्तर पर कैंप लगाकर निस्तारण किया जाए, ताकि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने कहा कि जनता मिलन में प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा की जा रही है और शिकायतों के प्रभावी निस्तारण से जनता का प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत हो रहा है।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की भी हुई समीक्षा।

जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की साप्ताहिक समीक्षा करते हुए श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय, कृषि, राजस्व, वन, पूर्ति सहित विभिन्न विभागों से संबंधित लंबे समय से लंबित शिकायतों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ग्राम साबली मल्ली, रानीचौरी निवासी बिजलदास ने भवन के समीप खड़े दो बड़े चीड़ के पेड़ों से आंधी-तूफान के दौरान जान-माल एवं भवन को संभावित नुकसान की आशंका जताई। जिलाधिकारी ने एसडीएम को मौके का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बटखेम मोटर मार्ग के मामले में तत्काल निरीक्षण के निर्देश।

विकासखंड चंबा के ग्राम बटखेम की ग्राम प्रधान मंजू देवी ने बताया कि गांव के लिए मोटर मार्ग की स्वीकृति पूर्व में हो चुकी है, लेकिन पीएमजीएसवाई द्वारा अभी तक कार्रवाई नहीं की गई है।

जिलाधिकारी ने पीएमजीएसवाई चंबा के अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर वन भूमि हस्तांतरण की कार्रवाई नियमानुसार आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

वहीं ग्राम सारपूल, घनसाली निवासी मंजू देवी ने विधवा पेंशन की मांग रखी।

जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को नियमानुसार तत्काल पेंशन स्वीकृति की कार्रवाई करने को कहा।

सड़क कटान से प्रभावित लोगों के लंबित प्रतिकर का होगा निस्तारण।

दिखोलगांव की सुषमा देवी, भेंतला प्रतापनगर निवासी खुशाल सिंह और वेरनी छोटी के विशालमणि ने सड़क कटान के बाद भूमि दबान, फसल, फलदार पेड़ों और गूलों को हुए नुकसान के प्रतिकर की मांग रखी।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने तथा निर्माणदायी संस्थाओं को कैंप लगाकर लंबित प्रतिकर मामलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए।

हैंडपंपों की स्थिति की मांगी रिपोर्ट।

विकासखंड देवप्रयाग के गुड्डा सिंह कठैत ने बीपीएल राशन कार्ड में अनियमितता, जंगली जानवरों के आतंक, बाहरी राज्यों से आए लोगों के पुलिस सत्यापन, स्यूटा-दासोली क्षेत्र के राजकीय अस्पताल को सुविधायुक्त बनाने और खराब हैंडपंपों की समस्या उठाई।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।साथ ही जल संस्थान को जनपद में कुल हैंडपंपों की संख्या,सक्रिय एवं खराब हैंडपंपों तथा मरम्मत योग्य हैंडपंपों की सूची उपलब्ध कराने को कहा।

विद्युत कार्मिकों के वेतन और सड़क निर्माण को लेकर भी दिए निर्देश।

चंबा विद्युत वितरण खंड में ठेकेदार द्वारा लाइनमैन एवं अन्य कार्मिकों को वेतन नहीं दिए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने एसडीओ चंबा को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

प्रतापनगर क्षेत्र में टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद सड़क निर्माण कार्य शुरू न होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा आपत्ति दर्ज की गई है तो नियमानुसार संबंधित पक्ष से वार्ता कर कार्रवाई की जाए,प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाए।

उन्होंने बरसात को देखते हुए टेंडर प्रक्रिया समय से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए, ताकि बारिश के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जा सके।

जनता मिलन कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, सीएमओ डॉ. राम प्रकाश, जिला विकास अधिकारी मो. असलम, एसडीएम कमलेश मेहता, जिला आबकारी अधिकारी के.पी. सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा भाकुनी, जिला पूर्ति अधिकारी सुनील बडोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india