स्वयं श्रमदान कर अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया स्वच्छता का संदेश, तीन ट्रक कूड़ा डंपिंग जोन भेजा।
टिहरी गढ़वाल।।(सू०वि०)स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य एवं दिव्य रूप से आयोजित करने तथा सरकारी कार्यालयों एवं उनके परिसरों को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने के उद्देश्य से बुधवार को जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया।
सुबह 8 बजे से शुरू हुए अभियान में जिलाधिकारी ने स्वयं श्रमदान कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता का संदेश दिया।
अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग, पूर्ति विभाग, श्रम विभाग, सिंचाई विभाग, उत्तराखंड वन विकास निगम, वन विभाग, दुग्ध विभाग सहित विभिन्न विभागों के कार्यालय परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई की गई। लंबे समय से उगी झाड़ियों की कटाई के साथ कार्यालय परिसरों में जमा कूड़ा-कचरा, अनुपयोगी सामग्री एवं अन्य अपशिष्ट हटाए गए। अभियान के दौरान करीब तीन ट्रक कूड़ा-कचरा एकत्रित कर डंपिंग जोन भेजा गया।
कार्यालय परिसरों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा।
जिलाधिकारी ने विभिन्न कार्यालय परिसरों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने वन विभाग एवं स्वास्थ्य कार्यालय परिसर के साथ सड़क किनारे जमा मिट्टी-पत्थर के ढेर को तत्काल हटाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यालय परिसरों और सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार की गंदगी अथवा अनावश्यक सामग्री जमा नहीं होनी चाहिए।
स्वास्थ्य विभाग कार्यालय के बाहर बंद पड़ी कैंटीन का निरीक्षण करते हुए उन्होंने लोनिवि को कैंटीन के अंदर-बाहर आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए, ताकि इसका विभागीय उपयोग किया जा सके।
वहीं सिंचाई विभाग कार्यालय एवं संयुक्त कार्यालय भवन की टपकती छत तथा अन्य भवन मरम्मत कार्यों के लिए नियमानुसार शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
स्वच्छता को नियमित व्यवस्था बनाने के निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व मनाने का अवसर नहीं, बल्कि स्वच्छ, स्वस्थ एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण का संकल्प लेने का भी अवसर है।
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने कार्यालय, कार्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों को नियमित रूप से स्वच्छ रखने की अपील की।
अभियान के बाद जिलाधिकारी ने विभिन्न कार्यालयों में कार्यरत कार्मिकों की उपस्थिति भी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छता अभियान को केवल एक दिन तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे नियमित व्यवस्था का हिस्सा बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ कार्यालय परिसर से कार्य वातावरण बेहतर होने के साथ आमजन के बीच भी सकारात्मक संदेश जाता है।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद नई टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, जिला पूर्ति अधिकारी सुनील बडोनी, अधिशासी अभियंता सिंचाई विजय पाल, अधिशासी अधिकारी वासुदेव डंगवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

