टिहरी गढ़वाल।। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज कर दी है।
पार्टी ने प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने तथा किसी भी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन नहीं करने का ऐलान किया है।
पार्टी का पुराना चुनाव चिह्न ‘कुर्सी’ वापस मिलने के बाद कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
शनिवार को नई टिहरी प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत करते हुए यूकेडी के जिलाध्यक्ष डीडी पंत ने कहा कि ‘कुर्सी’ चुनाव चिह्न पार्टी की पुरानी पहचान और संघर्ष का प्रतीक रहा है।
वर्ष 2012 में चुनाव चिह्न फ्रीज होने के बाद पार्टी को चुनाव लड़ने में कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ा।अब चुनाव चिह्न वापस मिलने से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा हुआ है और पार्टी को आगामी विधानसभा चुनाव में इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि यूकेडी पिछले दो वर्षों से लगातार जन मुद्दों को लेकर सक्रिय है और जमीनी स्तर पर जनता के बीच काम कर रही है।
सीमित संसाधनों के बावजूद पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।
उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय राजनीतिक दलों की नीतियों से जनता का मोहभंग हो रहा है तथा प्रदेश में यूकेडी के प्रति लोगों की संवेदनशीलता और समर्थन बढ़ रहा है।
टिहरी विधानसभा से चुनाव लड़ने की तैयारी
डीडी पंत ने टिहरी विधानसभा सीट से स्वयं चुनाव लड़ने की तैयारी के संकेत देते हुए कहा कि क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जनता का सहयोग मिल रहा है और पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
गठबंधन की अटकलों पर स्थिति स्पष्ट
पार्टी में आपसी खींचतान और गठबंधन के सवाल पर डीडी पंत ने इसे सामान्य मनमुटाव बताते हुए कहा कि यूकेडी पूरी तरह मजबूत है और अपने लक्ष्यों को लेकर एकजुट होकर काम कर रही है।
वहीं 20 करोड़ रुपये से जुड़े मामले में उन्होंने लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताया और कहा कि बिना प्रमाण के इस तरह की बातें नहीं की जानी चाहिए।
पत्रकार वार्ता के दौरान यूकेडी के पुरुषोत्तम पंत, ललिता देवी,सुरेंद्र नौटियाल,सोबन लाल,राजेंद्र प्रसाद नौटियाल और धीरज भट्ट सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

