उत्तरकाशी।। विश्व बंधुत्व दिवस एवं राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की 19वीं पुण्यतिथि के अवसर पर उत्तरकाशी में “रक्तदान महा अभियान-2026” का आयोजन किया गया। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के मेडिकल एवं सोशल सर्विस विंग (RERF) तथा उत्तरकाशी सेवा केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान में स्थानीय लोगों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर का शुभारंभ जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी के प्रमुख अधीक्षक डॉ.बी.एस.रावत ने किया। इस दौरान ब्लड बैंक इंचार्ज डॉ. डोगरा, वरिष्ठ टेक्नोलॉजिस्ट सहायक मनोज नौटियाल,प्रदीप चौहान,ललिता सहित ब्लड बैंक की पूरी टीम तथा स्थानीय सेवा केंद्र इंचार्ज बीके प्रीति मौजूद रहीं।
रक्तदान शिविर के दौरान कुल 16 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जबकि 25 लोगों ने भविष्य में रक्तदान करने के लिए अपना पंजीकरण कराया। आयोजकों ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और युवाओं को इस पुनीत कार्य के लिए आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम के समापन पर रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। संस्था के सदस्यों एवं अतिथियों ने सभी रक्तदाताओं के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें समाजसेवा के इस अभियान से जुड़ने के लिए धन्यवाद दिया।
उल्लेखनीय है कि “रक्तदान महा अभियान-2026 भारत के साथ साथ नेपाल में भी व्यापक स्तर पर चलाया जा रहा है।
प्रगति मीडिया उत्तराखंड से संपादक की रिपोर्ट।

