एक अक्टूबर से निष्क्रिय राशन कार्ड होंगे स्वतः बंद, ई-केवाईसी कराना अनिवार्य
छह माह तक राशन नहीं लेने वाले कार्ड होंगे चिन्हित, 90 दिन तक सत्यापन का मिलेगा अवसर।
शासन के निर्देशों के क्रम में एक अक्टूबर 2026 से निष्क्रिय राशन कार्ड स्वतः निष्क्रिय किए जाने की प्रक्रिया लागू होगी।
जिला पूर्ति अधिकारी मनोज डोभाल ने सभी राशन कार्डधारकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता से राशन प्राप्त करें और राशन कार्ड में दर्ज सभी सदस्यों की ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से पूर्ण कराएं।
जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार प्रत्येक माह की 21 तारीख को ऐसे राशन कार्ड चिन्हित किए जाएंगे, जिन पर लगातार छह माह तक राशन वितरण का कोई सफल लेन-देन दर्ज नहीं हुआ है।ऐसे कार्ड आगामी माह की पहली तारीख से स्वतः निष्क्रिय कर दिए जाएंगे।
हालांकि वास्तविक एवं पात्र लाभार्थियों को राहत देने के लिए राशन कार्ड को स्थायी रूप से हटाने से पहले 90 दिन की अवधि में ई-केवाईसी और क्षेत्रीय सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पात्र पाए जाने पर राशन कार्ड को पुनः सक्रिय किया जा सकेगा।
आधार मिलान से पकड़े जाएंगे दोहरे लाभार्थी
विभाग द्वारा उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर आधार संख्या का मिलान कर दोहरे लाभार्थियों की पहचान की जाएगी।
राशन कार्ड या किसी लाभार्थी के निष्क्रिय किए जाने की स्थिति में पंजीकृत राशन कार्ड मुखिया के मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से सूचना भेजी जाएगी।
इसके लिए राशन कार्डधारकों को अपने कार्ड से सही और सक्रिय मोबाइल नंबर जुड़ा होना सुनिश्चित करने को कहा गया है।
राशन लेते समय पूरी कराएं ई-केवाईसी
जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि राशन कार्डधारक प्रत्येक माह निर्धारित अवधि में सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता की दुकान से बायोमेट्रिक पहचान के माध्यम से राशन प्राप्त करें।
राशन लेते समय ई-पॉस मशीन अथवा ‘मेरा ई-केवाईसी’ मोबाइल एप के माध्यम से कार्ड में दर्ज सभी सदस्यों की ई-केवाईसी भी पूरी कराएं।
उन्होंने कहा कि नियमित रूप से राशन लेने और सभी सदस्यों की ई-केवाईसी पूरी कराने से राशन कार्ड के निष्क्रिय होने की संभावना से बचा जा सकता है।
मोबाइल नंबर गलत है तो तुरंत कराएं अपडेट
जिन राशन कार्डधारकों के मोबाइल नंबर गलत,बंद या राशन कार्ड से लिंक नहीं हैं वे संबंधित पूर्ति निरीक्षक कार्यालय अथवा सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता की दुकान पर उपलब्ध मशीन के माध्यम से अपना सही मोबाइल नंबर दर्ज करा सकते हैं।
मोबाइल नंबर अपडेट होने के बाद विभाग और शासन की ओर से जारी महत्वपूर्ण सूचनाएं
एसएमएस के माध्यम से प्राप्त हो सकेंगी।किसी भी समस्या या जानकारी के लिए राशन कार्डधारक अपने क्षेत्र के पूर्ति निरीक्षक अथवा सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता से संपर्क कर सकते हैं।
प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

