उत्तराखंड।।बच्चों के बीच मुख्यमंत्री धामी ने मनाया जन्मदिन,कहा—उनका स्नेह और मुस्कान मेरे लिए सबसे खास उपहार।

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने जन्मदिन के अवसर पर देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचकर अध्ययनरत बच्चों के साथ जन्मदिन की खुशियां साझा कीं।

मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा और आत्मीयता के साथ उनसे संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे भी उत्साहित और प्रसन्न नजर आए।

इस दौरान संस्थान का वातावरण स्नेह, अपनत्व और आत्मीयता से भर गया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया समय जीवन को नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है।प्रत्येक बच्चे में अपार प्रतिभा और संभावनाएं होती हैं।उन्हें आगे बढ़ने के लिए अवसर, प्रोत्साहन और विश्वास मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों का सशक्तिकरण केवल सरकारी प्रयासों तक सीमित विषय नहीं है,बल्कि यह समाज की सामूहिक जिम्मेदारी भी है।दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास से जीवन की चुनौतियों को पार किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने बच्चों को अपने लक्ष्य की ओर पूरे विश्वास और उत्साह के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उन्होंने कहा कि समाज में प्रत्येक व्यक्ति को समान अवसर, सम्मान और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों का स्नेह और उनके चेहरों की खुशी उनके जन्मदिन का सबसे विशेष और यादगार उपहार है।

इस अवसर पर श्रीमती गीता पुष्कर धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी सहित संस्थान के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

प्रगति मीडिया उत्तराखंड से संपादक की रिपोर्ट।

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india