उत्तरकाशी।।CMO कार्यालय व जनऔषधि केंद्र में दीप प्रज्ज्वलन,जिला चिकित्सालय में मरीजों को फल वितरण और श्याम स्मृति वन में हुआ वृक्षारोपण।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर जनपद उत्तरकाशी में सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न सेवा,स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.श्याम विजय की अध्यक्षता में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर एवं जनऔषधि केंद्र में दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया गया।
इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने कार्यस्थल और कार्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय एवं जिला चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक डॉ. बी.एस. रावत की अगुवाई में जिला चिकित्सालय में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना गया।
मरीजों को फल वितरित करते हुए उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई।
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से सेवा, संवेदना और मानवीय सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।
अभियान के अगले चरण में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वरुणावत पर्वत स्थित श्याम स्मृति वन में वृक्षारोपण किया।
वहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से स्थापित वाटिका में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित उत्तरकाशी के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
उपस्थित लोगों ने पौधारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों के संरक्षण और संवर्धन पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय, प्रमुख अधीक्षक डॉ. बी.एस. रावत, डॉ. एच.के. यादव, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.एस. पोखरियाल, चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश राय, जिला कार्यक्रम प्रबंधक एनएचएम हरदेव राणा, जिला आईईसी मैनेजर अनिल बिष्ट सहित श्याम स्मृति वन के अध्यक्ष एवं पर्यावरण प्रेमी प्रताप पोखरियाल, संरक्षक सुमन नौटियाल, द्वारिका प्रसाद नौटियाल, मुरारी पोखरियाल, गिरीश पोखरियाल आदि मौजूद रहे।
प्रगति मिडिया उत्तराखंड से संपादक की रिपोर्ट।

