उत्तराखंड।।कुंजापुरी मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण।

सेफ्टी ऑडिट से लेकर क्राउड मैनेजमेंट तक की तैयारियों की समीक्षा, श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता।

टिहरी गढ़वाल।।(सू०वि०)आगामी कुंजापुरी मेले को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल एवं एसएसपी टिहरी श्वेता चौबे ने संयुक्त रूप से मेला स्थल का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने झंडारोहण स्थल, झांकियों के लिए निर्धारित स्थान, स्टॉल लगाने के स्थान सहित मेले से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने मौके पर व्यवस्थाओं की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सुरक्षा व्यवस्था का होगा संयुक्त सेफ्टी ऑडिट।
जिलाधिकारी ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस, फायर विभाग एवं इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर की संयुक्त टीम गठित कर सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मेला शुरू होने से पहले सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं का परीक्षण किया जाए और यदि कहीं कोई कमी सामने आती है तो उसे समय रहते दूर किया जाए।

भीड़ प्रबंधन पर विशेष फोकस।

मेले में संभावित भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को क्राउड मैनेजमेंट की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रवेश एवं निकास मार्गों, श्रद्धालुओं के आवागमन तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के साथ ही आवश्यकता के अनुसार पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मेले से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर के अध्यक्ष राजेन्द्र विक्रम सिंह पंवार, एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिड़ियाल, सीओ नरेंद्रनगर सुरेंद्र सिंह भंडारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

Leave a Reply

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india