उत्तराखंड।। टिहरी में जनता दरवार में 56 शिकायतों पर सीडीओ ने लिया संज्ञान, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश।

सड़क,बिजली,पेयजल,पेंशन,मुआवजा और राशन कार्ड से जुड़े मामले जनसुनवाई में पहुंचे।

टिहरी गढ़वाल।।(सू०वि०)कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। 

जनसुनवाई में सड़क, बिजली, पेयजल, पेंशन, राशन कार्ड, मुआवजा सहित विभिन्न विभागों से संबंधित 56 शिकायतें प्राप्त हुईं।

सीडीओ ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता और समयबद्धता के साथ निस्तारण करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में चंबा विकासखंड के ग्राम क्यारी मखलोगी निवासी भोला दत्त बिजल्वाण ने गांव में भालू के खतरे, सौर ऊर्जा लाइट लगाने तथा 70 मीटर क्षतिग्रस्त पैदल रास्ते की मरम्मत की मांग रखी। मामले में वन विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

थौलधार विकासखंड के कंडीसौड़ निवासी ममता देवी ने पेंशन एवं रोजगार दिलाने तथा घर के आंगन में स्थापित विद्युत पोल को हटाने की मांग की। 

सीडीओ ने जिला प्रोबेशन अधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर विधवा पेंशन दिलाने एवं स्वयं सहायता समूह से जोड़ने तथा विद्युत विभाग को पोल से संबंधित समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।

वहीं चंबा के ग्राम गुल्डी निवासी पिंकी देवी ने राशन कार्ड एवं गैस कनेक्शन को ससुराल पक्ष से अलग कराने की मांग की। इस पर पूर्ति विभाग को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

प्रतापनगर निवासी लक्ष्मी प्रसाद ने रावत गांव के विद्यालय का रास्ता आपदा में क्षतिग्रस्त होने से विद्यार्थियों को आवागमन में हो रही परेशानी का मामला उठाया। 

सीडीओ ने शिक्षा विभाग को प्रस्ताव उपलब्ध कराने तथा जिला विकास अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

थौलधार के क्यूलागी निवासी धूरत सिंह सजवाण ने ठांगधार-कौड़िया-इक्को पार्क कौड़िया मार्ग पर पूर्व की भांति पर्यटन एवं व्यावसायिक गतिविधियों के संचालन की मांग रखी।मामले में वन विभाग को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इसी तरह महरगांव निवासी रघुवीर सिंह कठैत ने आराकोट-वॉल्काखाल मोटर मार्ग के डामरीकरण, बड़े बोल्डरों से मकानों को खतरे तथा पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने की शिकायत रखी। 

सीडीओ ने लोनिवि चंबा के अधिशासी अभियंता को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की भी हुई समीक्षा

जनसुनवाई के दौरान सीडीओ ने सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की। 

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी स्तर पर न किया जाए, बल्कि शिकायतकर्ताओं से दूरभाष पर संपर्क कर कार्रवाई की जानकारी ली जाए और उनकी संतुष्टि सुनिश्चित की जाए।

इस अवसर पर सीएमओ डॉ.रामप्रकाश सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

Leave a Reply

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india