उत्तराखंड।।जिला योजना समिति चुनाव की प्रक्रिया शुरू 16 अक्टूबर को होगा मतदान।

जिला पंचायत से 17 और नगरीय निकायों से 3 सदस्य होंगे निर्वाचित, 12 अक्टूबर से नामांकन।


नई टिहरी।।(सू०वि०)जिला योजना समिति टिहरी गढ़वाल के सदस्यों के निर्वाचन को लेकर जिला प्रशासन ने चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बताया कि जिला योजना समिति में जिला पंचायत के निर्वाचित सदस्यों में से 17 सदस्य तथा नगरीय निकायों के निर्वाचित सदस्यों में से 3 सदस्य निर्वाचित किए जाएंगे।

नगरीय निकायों के लिए तीन प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें टिहरी एवं नरेंद्रनगर नगर पालिका परिषद क्षेत्र, मुनि की रेती-ढालवाला एवं तपोवन क्षेत्र तथा चंबा, कीर्तिनगर, लंबगांव, चमियाला, घनसाली एवं गजा क्षेत्र शामिल हैं। प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र से एक सदस्य का निर्वाचन होगा।
12 अक्टूबर से शुरू होगा नामांकन

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नाम निर्देशन पत्र 12 अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक प्राप्त किए जा सकेंगे। जिला पंचायत से संबंधित नामांकन पत्र जिला पंचायत कार्यालय, बौराड़ी नई टिहरी तथा नगरीय निकायों के सदस्यों के नामांकन पत्र संबंधित नगर पालिका परिषद कार्यालय, बौराड़ी नई टिहरी से प्राप्त होंगे।

नामांकन पत्रों की जांच 13 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से की जाएगी। वहीं, अभ्यर्थी 14 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक स्वयं उपस्थित होकर अपनी उम्मीदवारी वापस ले सकेंगे।

16 अक्टूबर को मतदान और मतगणना।
यदि मतदान आवश्यक हुआ तो 16 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से अपराह्न 3 बजे तक मतदान कराया जाएगा।

मतदान समाप्त होने के बाद इसी दिन अपराह्न 3 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिला योजना समिति के निर्वाचन को लेकर आदर्श आचार संहिता 9 अक्टूबर 2026 से प्रभावी हो गई है जो निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने तक लागू रहेगी। संबंधित अधिकारियों को आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

अब जिला योजना समिति के चुनाव को लेकर जिला पंचायत और नगरीय निकायों के निर्वाचित सदस्यों के बीच राजनीतिक एवं प्रशासनिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

प्रगति मिडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

Leave a Reply

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india