कांग्रेस ने क्रमिक अनशन में लिया हिस्सा,राकेश राणा बोले—जल्द आंदोलन को दिया जाएगा व्यापक रूप।
नई टिहरी।।टिहरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग को लेकर गणेश चौक,बौराड़ी में चल रहा आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है।
शनिवार को आंदोलन के 56वें दिन तथा क्रमिक अनशन के 40वें दिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आंदोलन के समर्थन में क्रमिक अनशन में भाग लिया।
वहीं सत्याग्रही जीतराम भट्ट का सत्याग्रह 68वें दिन भी जारी रहा।
इस दौरान एनएसयूआई के पूर्व जिलाध्यक्ष लखवीर सिंह चौहान एवं पूर्व छात्रसंघ महासचिव विश्वजीत नेगी ने कहा कि टिहरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना जनता का अधिकार है।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक शिक्षण संस्थान की मांग नहीं, बल्कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, युवाओं के भविष्य और टिहरी के समग्र विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच के कार्यकारी अध्यक्ष राकेश राणा ने कहा कि टिहरी की जनता पिछले दो माह से अधिक समय से मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर आंदोलनरत है।
विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारियों, युवाओं और आम जनता द्वारा लगातार इस मांग को उठाया जा रहा है, लेकिन सरकार की ओर से अभी तक अपेक्षित सकारात्मक पहल नहीं हुई है।
राकेश राणा ने कहा कि “टिहरी मेडिकल कॉलेज की लड़ाई किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल की लड़ाई नहीं, बल्कि जनहित, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, युवाओं के भविष्य और क्षेत्र के विकास की लड़ाई है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को जल्द ही और अधिक वृहद एवं व्यापक रूप दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना होने से टिहरी में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी,स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के अवसर मिलेंगे और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।
आंदोलनकारियों ने सरकार से मांग की कि टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर शीघ्र ठोस निर्णय लिया जाए और लंबे समय से आंदोलनरत जनता की भावनाओं का सम्मान किया जाए।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति के अध्यक्ष राकेश भूषण गोदियाल, नागरिक मंच के वरिष्ठ नेता कमल सिंह मेहर, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष टीकम सिंह चौहान, व्यापारी नेता संदीप सिंह पंवार, इमरान खान, आबिद हसन सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

