टिहरी गढ़वाल।।मैण्डखाल पीएचसी की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं के विरोध में सांकेतिक धरना, सीएचसी छाम के चिकित्साधिकारी ने दिया सुधार का आश्वासन

मैण्डखाल।।प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) मैण्डखाल में लंबे समय से व्याप्त बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं के विरोध में शनिवार को क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, व्यापार मंडल, युवाओं एवं स्थानीय ग्रामीणों ने जिला पंचायत सदस्य सुनील प्रसाद जुयाल के नेतृत्व में सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया। धरने के माध्यम से क्षेत्रवासियों ने अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की मांग उठाई।

धरना समाप्त होने के बाद प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी, टिहरी गढ़वाल के नाम संबोधित 7 सूत्रीय ज्ञापन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छाम (कण्डीसौड़) के चिकित्साधिकारी डॉ. मयंक रमोला को सौंपा।

ज्ञापन में पीएचसी मैण्डखाल में नियमित एवं स्थायी चिकित्सक की नियुक्ति, 108 एम्बुलेंस सेवा की उपलब्धता, अस्पताल का उच्चीकरण, जीवनरक्षक दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था, एक्स-रे सहित अन्य जांच सुविधाएं शुरू करने, मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने तथा अस्पताल भवन में रैंप सहित आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास की मांग की गई।

धरने को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सदस्य सुनील प्रसाद जुयाल ने कहा कि स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधा से क्षेत्र की जनता को वंचित नहीं रखा जा सकता।

उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग एवं शासन-प्रशासन की होगी।

इस दौरान सीएचसी छाम के चिकित्साधिकारी डॉ०मयंक रमोला स्वयं पीएचसी मैण्डखाल पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन प्राप्त कर स्वास्थ्य सेवाओं में शीघ्र सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया तथा आंदोलन समाप्त करने का अनुरोध किया। सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद धरना शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त कर दिया गया।

धरना समाप्ति के उपरांत जिला पंचायत सदस्य सुनील प्रसाद जुयाल एवं डॉ०मयंक रमोला ने संयुक्त रूप से अस्पताल भवन एवं परिसर का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, आधारभूत सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

डॉ०रमोला ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अस्पताल परिसर में नियमित स्वच्छता बनाए रखने तथा आवश्यक सुधार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।

धरना-प्रदर्शन में प्रधान प्रतिनिधि डांडी संजय नौटियाल, पूर्व विधायक प्रत्याशी गौरव तिवारी, पूर्व प्रधान प्रतिनिधि गिरीश जुयाल, व्यापार मंडल मैण्डखाल के अध्यक्ष श्रीकृष्ण नौटियाल, कोषाध्यक्ष अनिल जुयाल, आलोक जुयाल, प्रदीप कोहली, मनजीत सिंह, शिव सिंह, हुकुम सिंह, कुलदीप सिंह रावत, जयवीर सिंह रावत, संजय भण्डारी, दीपक भट्ट, गब्बर सिंह सेमवाल (क्षेत्र पंचायत सदस्य), भाग सिंह बयाड़ा (क्षेत्र पंचायत सदस्य), रत्नमणि उनियाल, जयपाल सिंह राणा, बलवीर सिंह रावत, भूरिया सिंह पंवार (पूर्व प्रधान), शूरवीर सिंह पंवार, संदीप भट्ट, सविता भट्ट (प्रधान, पगारी), गिरीश खबुड़ी, लक्ष्मण सिंह राणा, अरविंद सेमवाल (प्रधान, भण्डारकी) सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

Leave a Reply

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india