टिहरी गढ़वाल।। देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को न्यू टिहरी में विभिन्न कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी श्रीमती नितिका खंडेलवाल ने डीएम कार्यालय परिसर से केंद्रीय संचार ब्यूरो (CBC) के प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने जिले में चल रहे हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों एवं गतिविधियों की जानकारी देते हुए जिलेवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने तथा अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।
🇮🇳 तिरंगा हमारी आन-बान और शान का प्रतीक : डीएम।
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक नागरिक को अपने घर पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना प्रदर्शित करनी चाहिए।
उन्होंने न्यू टिहरी में केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित की जा रही विशेष फोटो प्रदर्शनी की भी जानकारी दी।
📸 ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘विभाजन की विभीषिका’ पर लगेगी प्रदर्शनी।
कार्यक्रम अधिकारी श्री अनिल दत्त शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से 14 एवं 15 अगस्त को न्यू टिहरी में आयोजित होने वाले एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘विभाजन की विभीषिका’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष फोटो प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन, युवाओं और विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के गौरवशाली इतिहास, उसकी यात्रा, स्वतंत्रता आंदोलन तथा ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक एवं राष्ट्रीय महत्व से परिचित कराया जाएगा।
🚩 14 अगस्त को निकलेगी तिरंगा रैली।
कार्यक्रम अधिकारी श्री शर्मा ने बताया कि 14 अगस्त को न्यू टिहरी में तिरंगा रैली आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही प्रदर्शनी में पहुंचने वाले विद्यार्थियों के लिए विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं और गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय ध्वज और देशभक्ति से जुड़े विषयों की जानकारी रोचक एवं सहभागितापूर्ण तरीके से दी जाएगी।
🇮🇳 कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी करेंगे प्रदर्शनी का उद्घाटन।
कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि राज्य के कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी 14 अगस्त को ‘हर घर तिरंगा’ विषय पर आयोजित फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे।
उन्होंने आमजन से न्यू टिहरी में आयोजित इस विशेष फोटो प्रदर्शनी का अधिक से अधिक संख्या में भ्रमण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास, तिरंगे की यात्रा, ‘वंदे मातरम्’ की ऐतिहासिक विरासत और विभाजन की विभीषिका से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रगति मीडिया उत्तराखंड, टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

