उत्तराखंड।।टिहरी में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम, प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने सुनीं आमजन की समस्याएं।

टिहरी गढ़वाल।।(सू०वि०)सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित बौराड़ी स्टेडियम में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। 

कार्यक्रम का शुभारंभ टिहरी के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने दीप प्रज्वलित कर किया। 

इस दौरान उन्होंने सेवा वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी 

योजनाओं और सेवाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाएगा।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों और आमजन ने सड़क,आवास योजना में पात्र लोगों को चिन्हित करने,सफाई निरीक्षक भर्ती परीक्षा की प्रतीक्षा सूची जारी करने तथा भूस्खलन से हुई क्षति सहित विभिन्न समस्याएं प्रभारी मंत्री के समक्ष रखीं। 

गणेश जोशी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों और समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।

विधायक किशोर उपाध्याय ने सेवा संकल्प अभियान को आमजन तक सरकार की योजनाओं और सेवाओं को पहुंचाने की महत्वपूर्ण पहल बताया। 

उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य किए जा रहे हैं तथा अभियान के माध्यम से महिलाओं, बुजुर्गों और आमजन की समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वर्ष 2014 के बाद केंद्र सरकार के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्रों में विकास हुआ है। 

उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ,लखपति दीदी और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं का लाभ महिलाओं और किसानों तक पहुंच रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीरों की भूमि है और प्रदेश के सैनिक देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। 

प्रदेश में शहीद सैनिकों एवं उनके परिवारों के हित में विभिन्न निर्णय लिए गए हैं। 

उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में समान नागरिक संहिता और नकल विरोधी कानून सहित विभिन्न पहलों का भी उल्लेख किया।

विभागीय स्टॉलों पर लोगों को मिली योजनाओं और सेवाओं की जानकारी।

कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। 

प्रभारी मंत्री एवं अन्य अतिथियों ने स्टॉलों का निरीक्षण कर विभागीय योजनाओं और सेवाओं की जानकारी ली। 

स्वास्थ्य विभाग की ओर से निःशुल्क ओपीडी, स्वास्थ्य जांच, दवा वितरण, आयुष्मान कार्ड पंजीकरण और रक्तदान की व्यवस्था की गई।

समाज कल्याण विभाग ने पेंशन आवेदन, दिव्यांग प्रमाण-पत्र एवं सहायक उपकरण वितरण की सुविधा दी, जबकि राजस्व विभाग की ओर से विभिन्न प्रमाण-पत्र, आधार, आयुष्मान कार्ड और यूसीसी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई। 

कृषि एवं उद्यान विभाग ने किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं में पंजीकरण के साथ बीज और कृषि उपकरण वितरित किए।

ग्राम्य विकास विभाग ने योजनाओं का पंजीकरण, श्रम विभाग ने श्रमिक पंजीकरण, बाल विकास 

विभाग ने किट वितरण तथा पशुपालन विभाग ने पशु चिकित्सा एवं औषधि वितरण की सेवाएं दीं। 

आयुर्वेदिक, यूनानी एवं होम्योपैथिक विभागों की ओर से भी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

पर्यावरण मित्रों और युवा प्रतिभागियों को किया सम्मानित

कार्यक्रम में विभिन्न नगर निकायों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पर्यावरण मित्रों को प्रमाण-पत्र, फर्स्ट एड किट एवं स्वास्थ्य किट देकर सम्मानित किया गया। 

महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से प्रियंका, नफीसा, शिवानी और शशि को महालक्ष्मी किट वितरित की गईं। 

रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को भी सम्मानित किया गया।

युवा कल्याण विभाग के डिजिटल युवा महोत्सव-2026 के विभिन्न चैलेंजों के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। 

इस दौरान सूचना विभाग की सांस्कृतिक टीम ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं तथा उपस्थित लोगों को नशा मुक्त भारत की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम में राज्य मंत्री (दर्जाधारी) खेम सिंह चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष टिहरी मोहन सिंह रावत,नगर पालिका अध्यक्ष चंबा सोबनी धनौला,सदस्य अनुसूचित जाति आयोग सुनीता देवी,भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत,पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद रतूड़ी, जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल,मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी,कर्मचारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india