चंबा।।विकासखंड चंबा के पट्टी मनियार स्थित प्रसिद्ध भगवान बगासू महादेव मंदिर में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा में जिला पंचायत टिहरी गढ़वाल की अध्यक्ष सुश्री इशिता सजवाण ने शिरकत कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा कथा श्रवण का पुण्य लाभ अर्जित किया।
कथा स्थल पर पहुंचने पर ग्रामवासियों ने जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण का गर्मजोशी एवं आत्मीयता के साथ स्वागत किया।
इस दौरान उन्होंने कथा व्यास आचार्य श्री सीताशरण महाराज जी एवं समस्त विप्र मंडली से आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर कथा व्यास पूज्य आचार्य श्री सीताशरण महाराज जी ने जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री इशिता सजवाण की उपस्थिति का स्वागत करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में सहभागिता करना समाज के लिए सकारात्मक संदेश है।
उन्होंने कहा कि भगवान शिव की भक्ति हमें सेवा, त्याग, विनम्रता और जनकल्याण की भावना की प्रेरणा देती है।
उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष को आशीर्वाद देते हुए कहा कि भगवान बगासू महादेव की कृपा सदैव उन पर बनी रहे और वे इसी प्रकार क्षेत्र की जनता की सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों में निरंतर आगे बढ़ती रहें।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने भगवान बगासू महादेव की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
उन्होंने कहा कि श्री शिव महापुराण केवल भगवान शिव की महिमा का वर्णन करने वाला ग्रंथ ही नहीं, बल्कि यह मानव जीवन को सत्य, धर्म, भक्ति, सदाचार और परोपकार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि शिव महापुराण की कथा का श्रवण मन को शांति प्रदान करने के साथ ही समाज में आध्यात्मिक चेतना और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।
उन्होंने कहा कि भगवान शिव करुणा, त्याग और लोककल्याण के प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक एकता मजबूत होती है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि भगवान भोलेनाथ की कृपा समस्त क्षेत्रवासियों पर बनी रहे और प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन का वास हो, यही उनकी मनोकामना है।
कथा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।कथा स्थल पर आध्यात्मिक एवं भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने कथा आयोजन के लिए ग्रामवासियों, आयोजक मंडली एवं समस्त विप्रजनों का आभार व्यक्त करते हुए श्री शिव महापुराण कथा के सफल एवं मंगलमय आयोजन की शुभकामनाएं दीं।

