उत्तराखंड।।संस्कृत की राज्यस्तरीय स्पर्धा में टिहरी की दमदार दस्तक,हिण्डोलाखाल,दर्शन महाविद्यालय पतंजलि गुरुकुलम् और नरेन्द्र महिला इंटर कॉलेज का चयन।

जनपद स्तरीय संस्कृत स्पर्धा में 900 प्रतिभागियों ने दिखाया हुनर,विजेताओं को मिला सम्मान।

देवप्रयाग।।उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम्, हरिद्वार द्वारा आयोजित जनपद स्तरीय संस्कृत स्पर्धा-2026 का आयोजन पतंजलि गुरुकुलम्, मूल्याग्राम देवप्रयाग में किया गया। 

दो दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में जनपद टिहरी गढ़वाल के नौ विकासखंडों से करीब 900 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग कर संस्कृत भाषा के प्रति अपनी प्रतिभा और रुचि का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि देवप्रयाग विधायक विनोद कण्डारी, विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख देवप्रयाग विनोद बिष्ट तथा अतिविशिष्ट अतिथि सहायक निदेशक संस्कृत शिक्षा टिहरी गढ़वाल पूर्णानंद भट्ट मौजूद रहे। 

सारस्वत अतिथि के रूप में डॉ. ब्रह्मानंद मिश्र, डॉ. बालकृष्ण बधानी, डॉ. कपिल पंवार एवं श्रीमती ऊषा मेहरा ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

छह विभिन्न विधाओं में आयोजित प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। 

नाटक, समूहगान, संस्कृत समूह नृत्य, वाद-विवाद, आशुभाषण एवं श्लोकोच्चारण जैसी स्पर्धाओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

इन संस्थानों ने बनाई राज्यस्तरीय स्पर्धा में जगह

जनपद स्तरीय स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रा.इ.का. हिण्डोलाखाल, दर्शन महाविद्यालय मुनी की रेती-नरेन्द्रनगर, पतंजलि गुरुकुलम् मूल्याग्राम तथा नरेन्द्र महिला इंटर कॉलेज भागीरथीपुरम चंबा सहित विभिन्न संस्थानों के प्रतिभागियों ने अपनी-अपनी विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर 23 एवं 24 

अक्टूबर 2026 को हरिद्वार में आयोजित होने वाली राज्यस्तरीय संस्कृत स्पर्धा के लिए स्थान सुनिश्चित किया।

नाटक प्रतियोगिता में दर्शन महाविद्यालय ने वरिष्ठ एवं कनिष्ठ दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त किया। पतंजलि गुरुकुलम् एवं सुभाष इंटर कॉलेज थौलधार ने द्वितीय तथा रा.इ.का. हिण्डोलाखाल एवं रा.इ.का. बनचूरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

समूहगान में पतंजलि गुरुकुलम् के वरिष्ठ वर्ग तथा रा.इ.का. हिण्डोलाखाल के कनिष्ठ वर्ग ने प्रथम स्थान हासिल किया। 

दर्शन महाविद्यालय एवं पतंजलि गुरुकुलम् ने क्रमशः वरिष्ठ एवं कनिष्ठ वर्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

संस्कृत समूह नृत्य में नरेन्द्र महिला इंटर कॉलेज भागीरथीपुरम चंबा ने वरिष्ठ वर्ग तथा पतंजलि गुरुकुलम् ने कनिष्ठ वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

संस्कृत वाद-विवाद प्रतियोगिता में दर्शन महाविद्यालय के देवेश एवं अंशुल ने कनिष्ठ वर्ग तथा पतंजलि गुरुकुलम् की जाह्नवी एवं प्रिया ने वरिष्ठ वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। 

वहीं रा.इ.का. मैण्डखाल की अदिति एवं कशिश ने वरिष्ठ वर्ग में द्वितीय स्थान हासिल किया।

संस्कृत आशुभाषण में दर्शन महाविद्यालय के अक्षित बहुगुणा ने वरिष्ठ तथा केशव ने कनिष्ठ वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। 

श्लोकोच्चारण में दर्शन महाविद्यालय के कृष्णा उनियाल ने कनिष्ठ तथा पतंजलि गुरुकुलम् की संध्या ने वरिष्ठ वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

संस्कृत को आधुनिक तकनीक से जोड़ने का आह्वान

मुख्य अतिथि विधायक विनोद कण्डारी ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए संस्कृत भाषा की वैज्ञानिकता और उसके व्यापक महत्व पर प्रकाश डाला। 

उन्होंने संस्कृत के साथ-साथ खगोलीय गणना और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) जैसी आधुनिक तकनीकों की खूबियों को समझकर उन्हें अपनाने का आह्वान किया।

सहायक निदेशक संस्कृत शिक्षा पूर्णानंद भट्ट ने आगामी जनगणना में उत्तराखंड की द्वितीय राजभाषा संस्कृत को अपनी द्वितीय भाषा के रूप में अंकित करवाने के लिए लोगों को प्रेरित किया।

स्थल संयोजिका एवं प्राचार्या तथा सभाध्यक्ष साध्वी देव श्रुति ने योग, आयुर्वेद एवं संस्कृतमय जीवनशैली अपनाने तथा श्रीमद्भगवद्गीता के समत्व भाव को जीवन में उतारने का संदेश दिया।

जनपद संयोजक टिहरी गढ़वाल शैलेन्द्र दत्त डोभाल एवं सहसंयोजक डॉ. चन्द्रशेखर नौटियाल ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, दल शिक्षकों, प्रधानाचार्यों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। 

उन्होंने राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले चयनित प्रतिभागियों से और बेहतर तैयारी के साथ प्रतिभाग करने का आह्वान किया, ताकि राज्य स्तर पर टिहरी जनपद श्रेष्ठ प्रदर्शन कर सके।

आयोजन स्थल पतंजलि गुरुकुलम् मूल्याग्राम देवप्रयाग के कर्मचारियों को भी संयोजक मंडल की ओर से मंगल वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

दो दिनों तक प्रतिभागियों के लिए की गई आवास एवं भोजन व्यवस्था के लिए गुरुकुलम् प्रबंधन का विशेष आभार व्यक्त किया गया।

प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

Leave a Reply

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india