टिहरी गढ़वाल।।थाना दिवस के मौके पर थाना छाम में हुआ जागरूकता गोष्ठी का आयोजन।

कण्डीसौड़‌।।थाना दिवस के अवसर पर थाना छाम के अंतर्गत कण्डीसौड़ बाजार में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन नव नियुक्त थानाध्यक्ष दिलवर सिंह नेगी की अध्यक्षता में किया गया।

गोष्ठी में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों एवं क्षेत्रवासियों व टैक्सी युनियन ने प्रतिभाग किया।

गोष्ठी में आगामी चारधाम यात्रा को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

थानाध्यक्ष ने उपस्थित लोगों को यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, साफ-सफाई एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के संबंध में सभी के सुझाव लेने के साथ ही आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान क्षेत्र में भारी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन होता है,ऐसे में सभी लोगों का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।

इस दौरान व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों ने भी अपने सुझाव रखते हुए बाजार में पार्किंग व्यवस्था, जाम की समस्या, बाहरी व्यक्तियों का निरन्तर सत्यापन,नशा उन्मूलन एवं मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने की मांग उठाई।साथ ही नव नियुक्त थानाध्यक्ष को बताया कि छाम थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग क्षेत्र के साथ ही सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्र भी शामिल हैं।

थाने को स्थापित हुए अभी तीन वर्ष हुए हैं पहले पूरा क्षेत्र राजस्व पुलिस के अधीन था,इसलिए थाना पुलिस मित्र पुलिस के रूप में साबित होगी।

थानाध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि पुलिस आम जनता व कानून का पालन करने वालों के लिए समर्पित सहयोगी साबित होने के साथ ही असामाजिक तत्वों के लिए सख्त कार्यवाही करेगी।

गोष्ठी में उठाई गई सभी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में थानाध्यक्ष द्वारा आमजन से अपील की गई कि यात्रा के दौरान नियमों का पालन करें व सड़कों पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि यात्रा को सुरक्षित एवं सफल बनाया जा सके।

गोष्ठी के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने चारधाम यात्रा को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय एवं सहयोग का संकल्प लिया।

इस अवसर पर क्षेत्र के ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं सामाजिक कार्यकर्ता व टैक्सी युनियन छाम मैण्डखाल के पदाधिकारी व चालक आदि सहित व्यापारी व स्थानीय निवासी व थाना छाम से पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india