मानसून को लेकर अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश, संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई गई निगरानी।
नई टिहरी।।(सू०वि०) कैबिनेट मंत्री एवं जनपद टिहरी गढ़वाल के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद में मानसून सीजन के मद्देनजर आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं की की समीक्षा बैठक।
कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष से जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जनपद में आपदा से हुई क्षति, प्रभावित परिसंपत्तियों तथा राहत एवं पुनर्निर्माण कार्यों की जानकारी प्रभारी मंत्री को दी।
जिलाधिकारी ने बताया कि मानसून के दौरान जनपद में 3 भवन पूर्ण रूप से तथा 136 आवास आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं।इसके अलावा 26 पेयजल लाइनें क्षतिग्रस्त हुई थीं, जिनमें से अधिकांश को सुचारू कर दिया गया है। सड़क, पेयजल, विद्युत, संचार व्यवस्था, जनहानि एवं पशुहानि सहित अन्य क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों और राहत कार्यों की भी जानकारी दी गई।
प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने नदी तटबंधों, बाढ़ नियंत्रण, सड़क मार्गों, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति, संचार व्यवस्था, एंबुलेंस, हेलीपैड, राशन वितरण तथा चारधाम एवं कांवड़ यात्रा व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए।
7 बाढ़ चौकियां और 39 हेलीपैड सक्रिय
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 7 बाढ़ चौकियां सक्रिय हैं तथा आपदा की स्थिति में राहत-बचाव के लिए 39 हेलीपैड उपलब्ध हैं। मानसून के चलते राफ्टिंग गतिविधियां तीन माह के लिए बंद हैं, जिन्हें सितंबर माह से पुनः शुरू किया जाएगा।
दूरस्थ क्षेत्रों में खाद्यान्न की उपलब्धता बनाए रखने के लिए तीन माह का राशन डीलरों तक पहुंचाकर वितरित किया जा रहा है।
आपदा की स्थिति में त्वरित सूचना एवं समन्वय के लिए आईसीआरएस सक्रिय है। पशु चिकित्सकों की टीमें घर-घर जाकर पशुओं के स्वास्थ्य की जांच कर रही हैं।
जनपद में 32 एंबुलेंस उपलब्ध हैं, जबकि 108 सेवा की 22 एंबुलेंस/वाहन सक्रिय हैं।
नालियों और यात्रा मार्गों की सफाई पर भी नजर
नगर निकायों में नालियों की सफाई की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।
चारधाम यात्रा मार्ग पर उपलब्ध शौचालयों की संख्या एवं उनकी सफाई व्यवस्था की भी लगातार निगरानी की जा रही है।प्रत्येक सप्ताह फोटोग्राफ मंगाकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है।
जिलाधिकारी ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से जनपद में कोई भी राष्ट्रीय राजमार्ग बंद नहीं हुआ है।कहीं मार्ग थोड़े समय के लिए बाधित होने पर संबंधित विभाग तत्काल कार्रवाई करते हुए यातायात सुचारू करा रहे हैं।
आवश्यक सेवाएं बाधित न हों—प्रभारी मंत्री
प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून सीजन में सड़क, पेयजल, विद्युत एवं संचार जैसी आवश्यक सेवाएं सुचारू रहें।
आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी, बाढ़ चौकियों को सक्रिय रखने, पर्याप्त मशीनरी एवं मानव संसाधन उपलब्ध रखने तथा आपदा से प्रभावित परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।
इस दौरान वीसी कक्ष में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, अधीक्षण अभियंता लोनिवि के.एस. नेगी, अधिशासी अभियंता लोनिवि दीपक कुमार, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई ब्रिजेश गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

