उत्तराखंड।।टिहरी में जनता मिलन कार्यक्रम में 58 शिकायतें दर्ज,डीएम ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश।

विद्यालयों में पेयजल व्यवस्था को लेकर सख्त हुईं जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल,लापरवाही पर जिम्मेदारी तय करने के दिए निर्देश।

टिहरी गढ़वाल।।(सू०वि०)जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिलेभर से आए लोगों की 58 शिकायतें एवं मांगपत्र प्राप्त हुए।इनमें पुनर्वास, प्रतिकर वितरण, आपदा से क्षतिग्रस्त आवास, सड़क, पेयजल, लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित मामले शामिल रहे। जिलाधिकारी ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया,जबकि शेष मामलों को संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजा।

जनता मिलन के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा में निस्तारण किया जाए।

भू-अभिलेख एवं राजस्व से संबंधित शिकायतों की अधिक संख्या को देखते हुए उन्होंने अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विद्यालयों में पानी की समस्या पर डीएम सख्त

जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को जिले के सभी विद्यालयों में सुचारु पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि किसी भी विद्यालय में पेयजल को लेकर शिकायत नहीं आनी चाहिए।

शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।साथ ही शिक्षकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और स्थानांतरण अथवा संबद्धीकरण की स्थिति में तत्काल वैकल्पिक शिक्षक की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।

जनता मिलन में ग्राम हरगी निवासी योगेंद्र दत्त डोभाल ने निर्माणाधीन पर्यटन सड़क की कटिंग से उनके आवास को उत्पन्न खतरे की शिकायत की।

डीएम ने जिला खान अधिकारी को लोनिवि चंबा के अधिकारियों के साथ एक सप्ताह के भीतर संयुक्त निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

वहीं जिला पंचायत सदस्य बागी दर्शनी रावत ने सरज्युला पंपिंग योजना से पिछले एक माह से गंदे पानी की आपूर्ति की शिकायत की।मामले में जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल संस्थान को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

अखिल भारतीय किसान सभा एवं ग्राम पंचायत तिमली सागा, दुबलियाण के प्रतिनिधियों ने गूलर-सालब मोटर मार्ग निर्माण से जुड़ी समस्या रखी। डीएम ने एसडीएम नरेंद्रनगर को संबंधित पक्षों के साथ बैठक कर समाधान के निर्देश दिए।

ग्राम प्रधान पटुड़ी विजय लाल शाह ने मुख्य रास्ते एवं सुरक्षा दीवार के आपदा से क्षतिग्रस्त होने का मामला उठाया।

जिलाधिकारी ने बीडीओ जाखणीधार को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।

ठेकेदार संगठन जौनपुर ने निविदाएं जारी होने के बाद निरस्त किए जाने की शिकायत रखी,जिस पर डीएम ने अपर जिलाधिकारी को प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।

वहीं लखवाड़ बांध परियोजना के प्रतिकर भुगतान में कथित कूटरचित अभिलेख एवं फर्जी हस्ताक्षर की शिकायत पर भी संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा ग्राम टटोर, तहसील नैनबाग के ग्रामीणों ने लखवाड़ बांध प्रभावित होने तथा प्रशासनिक त्रुटि के कारण खाता-खतौनी,खसरा एवं नाम राजकीय गजट में छूट जाने का मामला उठाया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अभिलेखों का परीक्षण कर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि जनता मिलन कार्यक्रम आमजन और प्रशासन के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है।लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा रहा है तथा पूर्व में प्राप्त शिकायतों की भी लगातार समीक्षा की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का भी समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, सीएमओ डॉ०राम प्रकाश, जिला विकास अधिकारी मो०असलम,एसडीएम कमलेश मेहता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

प्रगति मीडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india