उत्तराखंड।।अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी उत्तरकाशी ने पीएचसी पिपली का किया औचक निरीक्षण।

उत्तरकाशी।।जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए रखने तथा आगामी राष्ट्रीय पल्स पोलियो दिवस (28 जून 2026) के सफल आयोजन के दृष्टिगत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. रावत के दिशा-निर्देशों के क्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. पांगती द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिपली का औचक निरीक्षण किया गया।

इस अवसर पर ब्लॉक डुंडा के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक शर्मा भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने राष्ट्रीय पल्स पोलियो दिवस की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए टीकाकरण व्यवस्था, वैक्सीन कोल्ड चेन के अंतर्गत डीप फ्रीजर एवं अन्य उपकरणों की कार्यशीलता, दवा उपलब्धता, चिकित्सालय की साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव तथा विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण किया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कार्मिकों को निर्देशित किया कि पल्स पोलियो अभियान का शत-प्रतिशत एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, जिससे जनपद का कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।

साथ ही चिकित्सालय में आने वाले प्रत्येक मरीज को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर, पिपली का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, उपलब्ध संसाधनों तथा अभिलेखों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा जनपदवासियों से अपील की है कि 28 जून 2026 को आयोजित राष्ट्रीय पल्स पोलियो दिवस के अवसर पर अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं तथा पोलियो उन्मूलन अभियान को सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।

इस अवसर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिपली के चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवनीत बिष्ट, फार्मासिस्ट ओमप्रकाश कंडवाल सहित अन्य स्वास्थ्य कार्मिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india