14 वर्ष की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण कराने की अपील।
उत्तरकाशी।। जनपद उत्तरकाशी ने एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन अभियान में राज्य स्तर पर तृतीय स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.श्याम विजय के दिशा-निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में मंगलवार को जनपद मुख्यालय स्थित मसीह दिलासा स्कूल में एचपीवी वैक्सीनेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यालय की 17 लक्षित बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.श्याम विजय ने बताया कि जनपद में पात्र बालिकाओं तक एचपीवी वैक्सीन पहुंचाने के लिए जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के साथ ही 92 उपकेंद्रों पर प्रत्येक बुधवार तथा वीएचएनडी (ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस) के अवसर पर टीकाकरण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि एचपीवी टीकाकरण बालिकाओं को भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं तक टीकाकरण की सुविधा पहुंचाना है।
सीएमओ ने 14 वर्ष की सभी बालिकाओं और उनके अभिभावकों से अपील की कि वे समय पर एचपीवी का टीका अवश्य लगवाएं।
उन्होंने कहा कि बालिकाओं का समय पर टीकाकरण कराकर अभिभावक उन्हें भविष्य में होने वाली गंभीर बीमारी से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
प्रगति मीडिया उत्तराखंड उत्तरकाशी से संपादक की रिपोर्ट।

