उत्तराखंड।।टिहरी में जिला योजना समिति के 17 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित,प्रमाण पत्र वितरित।

जनहित और विकास को प्राथमिकता देकर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में निभाएंगे अहम भूमिका।

टिहरी गढ़वाल।।(सू०वि०)जिला योजना समिति निर्वाचन-2026 के तहत टिहरी गढ़वाल में जिला पंचायत के निर्वाचित सदस्यों में से 17 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। 

बुधवार को जिला पंचायत सभागार बौराड़ी में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने निर्विरोध निर्वाचित सदस्यों को प्रमाण पत्र वितरित किए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सभी निर्वाचित सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिला योजना समिति जनपद के समग्र विकास की योजनाओं के निर्माण, विकास की प्राथमिकताएं तय करने तथा विभिन्न क्षेत्रों की आवश्यकताओं को योजनाओं में शामिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। 

उन्होंने सदस्यों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपेक्षा की।

जिला योजना समिति के लिए निर्विरोध निर्वाचित सदस्यों में आशीष जोशी, उत्तम सिंह, कविता देवी, जोत सिंह रावत, जोत सिंह असवाल, दर्शनी देवी, धनपाल सिंह बिष्ट, पुष्पा रावत, पुष्पा देवी भट्ट, ममता रावत, लक्ष्मी देवी, विजय देवी, विजय पाल सिंह रावत, विजय लाल, शकुन्तला देवी,शीशपाल राणा एवं शीशपाल सिंह सजवाण शामिल हैं।

जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण ने सभी 17 निर्विरोध निर्वाचित सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि समिति के सदस्य जनपद के सभी क्षेत्रों की समस्याओं एवं विकास संबंधी आवश्यकताओं को प्राथमिकता के साथ जिला योजना में शामिल कराने के लिए प्रभावी भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने कहा कि निर्विरोध निर्वाचन आपसी विश्वास, समन्वय और सकारात्मक सोच का संदेश है,इसलिए सभी सदस्य मिलकर टिहरी गढ़वाल के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए कार्य करें।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला ने भी सभी नवनिर्वाचित जिला योजना समिति सदस्यों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। 

उन्होंने कहा कि जिला योजना समिति में निर्वाचित सदस्यों की जिम्मेदारी अब और अधिक बढ़ गई है। सभी सदस्य दलगत एवं व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर जनहित, क्षेत्रीय विकास और समान रूप से सभी क्षेत्रों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दें। 

उन्होंने विश्वास जताया कि समिति के माध्यम से जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, रोजगार, पर्यटन और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को गति मिलेगी।

कार्यक्रम में‌ सहायक रिटर्निंग अधिकारी जिला योजना समिति बृजेश कुमार गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

प्रगति मिडिया उत्तराखंड टिहरी गढ़वाल से संपादक की रिपोर्ट।

Leave a Reply

Designed, Developed & Powered by DBDITS Services Dehradun | wwsolution india